उपमंडल के जोगेंद्रा गांव का एक व्यक्ति मणिमहेश यात्रा से अपने घर वापस नहीं लौटा है। लापता देसराज अपनी पत्नी के साथ सात सितंबर को मणिमहेश डल झील के लिए रवाना हुआ। जहां से सभी ने सकुशल मणिमहेश डल झील में पहुंच कर स्नान किया। इसके बाद वापसी पर मणिमहेश डल झील पर से ही देसराज कहीं गुम हो गया।
कुछ देर इंतजार करने के बाद जब काफी समय हो गया तो पत्नी और अन्य संबंधी वापस आ गए ताकि रास्ते में कहीं देसराज मिल सके। लिहाजा वहां से देसराज की पत्नी अन्य संबंधी के साथ हड़सर फिर भरमौर पहुंची। जहां पर सभी जगह उन्होंने देसराज की तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। जब रिश्तेदारों के पास भी उसका कुछ पता नहीं चला तो देसराज के परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस थाना चुवाड़ी में कर दी। जहां से चुवाड़ी पुलिस ने भरमौर पुलिस को आगामी कार्रवाई के लिए राजी कर लिया है।
नतीजतन भरमौर पुलिस ने देसराज की खोज शुरू कर दी है। वहीं देसराज के परिजन भी पंद्रह सितंबर को देसराज की तलाश में मणिमहेश डल झील की ओर रवाना हो गए हैं। डीएसपी चंबा वीर बहादुर ने बताया कि मामला काफी उलझा हुआ है। पुलिस गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करके इसकी छानबीन कर रही है।