सड़क सुविधा से अछूता रजिंडू पंचायत का टिटणू गांव।
साहो (चंबा)। विधानसभा क्षेत्र चंबा के तहत ग्राम पंचायत रजिंडू के गांव रजिंडू, संडाह, द्रोबी, बडेटा, टिटणू, गल्ला, खरगा, परोह, छालौट, बनोटू, धारकंडा, सालोठ, रौंठा समेत अन्य गांवों के बाशिंदों को सड़क तक पहुंचने के लिए 12 से 16 किमी सफर तय करना मजबूरी है। रजिंडू पंचायत के दर्जनभर गांव सड़क सुविधा से आज तक अछूते हैं। गांवों में अचानक किसी के भी बीमार हो जाने पर उसे पीठ पर लाद कर या पालकी के जरिये ही उबड़-खाबड़ रास्ता तय कर 12 से 16 किमी का सफर तय कर काकडेढ़ तक पहुंचाना पड़ता है। इसके बाद निजी वाहन से मरीज को अस्पताल पहुंचाया जाता है। ऐसे में कई बार तो मरीज सड़क तक पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार नेताओं से लेकर लोक निर्माण विभाग को सड़क सुविधा की मांग को लेकर अवगत करवाया गया। बावजूद इसके अभी तक उनकी सड़क सुविधा से जुड़ने की आस पूरी नहीं हो पाई है। ग्रामीणों का कहना है उनके गांवों का भाग्य रेखा से न जुड़ पाने से क्षेत्र में विकास की धारा प्रवाहित नहीं हो पा रही है। इससे ग्रामीणों में रोष हैं।
पांच वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग की ओर से संरोठू से लेकर धारकंडा तक सर्वे करवाकर चूना डाला गया। उसके बाद से लेकर अब तक सड़क को लेकर कोई कार्यवाही नहीं की गई।
-बबलू
सड़क न होने से ग्रामीणों को अपने घरों तक खाद्य सामग्री और गृह निर्माण सामग्री को खच्चर के माध्यम से पहुंचाने के लिए प्रति खच्चर 300 रुपये अदा करने पड़ते हैं। इससे ग्रामीणों को काफी चपत लग रही है।
-पाछो राम
संरोठू से लेकर धारकंडा तक सड़क बनने से अठलुई और रजिंडू पंचायतों की तीन हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। साथ ही ग्रामीणों को पैदल सफर तय करने से निजात मिल जाएगी।
-उमेश
रजिंडू पंचायत के दर्जन भर गांवों का सड़क सुविधा से न जुड़ पाना ग्रामीणों विशेषकर बीमार लोगों की मुसीबतों को बढ़ाने का काम कर रहा है। ग्रामीण पैदल ही आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं।
-सोभिया राम
ग्राम पंचायत रजिंडू के प्रधान जोगेंद्र कुमार ने बताया कि पूर्व और वर्तमान सरकार के समक्ष भी कई बार मांग उठाई है। लेकिन, लोगों की मांग अभी तक पूरी नहीं हो पाई है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि यदि ऐसी बात है तो ग्रामीण प्रस्ताव बनाकर दें। इसके तहत सड़क निर्माण करवाने के लिए सर्वे करवाकर आगामी औपचारिकताओं को पूरा किया जाएगा।