चुराह घाटी में एक व्यक्ति की ठंड लगने से मौत हो गई। यह व्यक्ति जसौरगढ़ पंचायत के उडवाह गांव का रहने वाला था। यह मामला उस समय सामने आया जब गांव के कुछ लोगों ने चतर सिंह उम्र पचास वर्ष निवासी गांव उडवाह को बेसुध हालत में पड़े देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तीसा पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तब तक चतर सिंह की मौत हो चुकी थी। पुलिस शव को डॉक्टरी जांच के लिए सिविल अस्पताल तीसा ले आई जहां पर पोस्टमार्टम में सामने आया कि इस व्यक्ति की मौत ठंड लगने से हुई है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर था और ज्यादातर समय खुले में रहता था।
शनिवार को वह बाहर पड़ा रहा जिस कारण उसे ठंड लग गई जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। जिसमें बताया गया कि मृतक अपने चाचा के साथ रहता था। खंड चिकित्सा अधिकारी तीसा डॉक्टर जसवंत ने बताया कि जब तक व्यक्ति अस्पताल में पहुंचा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।