चंबा। पांव फिसलने से पत्थर के ऊपर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान कमल देव पुत्र स्वर्गीय दरबारी राम निवासी गांव चन्हेला डाकघर प्रीणा के रूप में हुई है। मंगलवार शाम को घर से कुछ दूरी पर स्थित पेयजल नल से पानी लाने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते पर अचानक उसका पांव फिसल गया। इसकी वजह से वह रास्ते से नीचे पत्थरों के ऊपर जा गिरा। इस घटना में उसके सिर पर गहरी चोट लगी।
इस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव के अन्य लोगों ने हादसे की सूचना उसके परिजनों और पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही गैहरा पुलिस चौकी टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रात को चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। बुधवार को मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम हुआ।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि रास्ते से नीचे गिरने से एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।