बनीखेत (चंबा)। जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई ने गोली में चुराह के एक व्यक्ति को 290 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चरस को जब्त करने के साथ आरोपी के खिलाफ डलहौजी थाना में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक जब उन्होंने गोली के पास नाकेबंदी की थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति वर्षाशालिका में चरस के साथ पहुंचा है।
पुलिस ने सुनियोजित तरीके से वर्षाशालिका में दबिश देेकर व्यक्ति को दबोच लिया। पहले व्यक्ति बैग की तलाशी को लेकर इनकार करता रहा। मगर बाद में जब पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो बैग में 290 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने चरस को जब्त कर लिया। साथ ही आरोपी भावेश कुमार निवासी सेईकोठी तहसील चुराह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने बताया कि गोली के पास पुलिस टीम ने चुराह निवासी को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। नशे का अवैध कारोबार करने वालों को पुलिस कतई नहीं छोड़ेगी। ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है।