एक सप्ताह से कटौती जारी, त्योहार पर कारोबारियों को उठाना पड़ा नुकसान
साइबर कैफे में ऑनलाइन काम ठप, शाम पांच बजे बहाल हुई आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
तेलका (चंबा)। त्योहार पर कारोबार बढ़ने की उम्मीद लगाए बैठे तेलका के व्यापारियों को बिजली कटौती ने परेशान कर दिया। उपतहसील के पूरे क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से बिजली की आंख-मिचौनी जारी है।
करवाचौथ के दिन भी दिनभर आपूर्ति बाधित रहने से दुकानदारों, बेकरी संचालकों और साइबर कैफे कारोबारियों का काम प्रभावित हुआ। शाम करीब पांच बजे बिजली बहाल हो पाई।
स्थानीय होलसेलर प्रवीण शर्मा, बेकरी मालिक विनोद शर्मा और दुकानदार सुनील कुमार, संजीव कुमार, राकेश कुमार, दर्शन कुमार, मुकेश कुमार, प्रेमलाल, देशराज और धर्मचंद ने बताया कि बार-बार बिजली जाने से नियमित कामकाज प्रभावित हो रहा है। त्योहार के दिन आपूर्ति बाधित रहने से कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ा। बिजली पर निर्भर बेकरी सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।
बिजली कटौती से विद्यार्थियों और ऑनलाइन सेवाओं पर निर्भर लोगों की मुश्किलें भी बढ़ीं। साइबर कैफे में बिजली न होने से ऑनलाइन फॉर्म भरने, प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और अन्य जरूरी कामों में बाधा आई।
उधर, बिजली बोर्ड के एसडीओ राकेश शर्मा ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति बहाल करने में देरी हुई। छुट्टी के बावजूद कर्मचारी बिजली सुचारू करने में जुटे रहे और शाम करीब पांच बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।