चंबा। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अधिकारी शहर के पक्काटाला मोहल्ला सहित चुवाड़ी के समीप कालीघार में भूस्खलन की रोकथाम के लिए कार्य शुरू करें।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत जिले के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों के स्थायी समाधान के लिए वित्त पोषित परियोजनाओं की समीक्षा को लेकर बैठक हुई। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में हुई बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और जियो टैगिंग और फोटोग्राफ साझा करने को कहा। उपमंडल चुराह में स्वीकृत परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारी ने बताया कि बैरागढ़ अपर और लोअर नाला का अधिकांश कार्य पूरा हो गया है। तीसा-झज्जाकोठी संपर्क मार्ग में झुक्यानी घार के संरक्षण कार्य को जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154-ए के तहत मैहला के समीप संरक्षण कार्यों को लेकर बताया गया कि डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजी गई है। उपायुक्त ने दुर्गेठी नाला, मोतला गांव, जतरुण, त्रिमथ, सलोह, बनीखेत नाला, कल्हेल क्षेत्र के कमौथा गांव के बाढ़ संरक्षण कार्यों सहित द्रमनाला संपर्क मार्ग के भूस्खलन रोकथाम कार्यों को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ लोक निर्माण एवं जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। जिला आपदा प्रबंधन से अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा, लोक निर्माण विभाग से अधीक्षण अभियंता दिवाकर पठानिया, जल शक्ति विभाग से अधीक्षण अभियंता राजेश मोगरा ने हस्ताक्षर किए।