चंबा के खज्जियार में निरीक्षण के दौरान वन्य प्राणी विभाग के प्रमुख अमिताभ गौतम।संवाद
खज्जियार (चंबा)। वन्य प्राणी विभाग के प्रधान प्रमुख अमिताभ गौत्तम मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल खज्जियार पहुंचे।
उन्होंने तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने खज्जियार मैदान में सफाई व्यवस्था की भी जांच की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को खज्जियार में अन्य रोचक गतिविधियां शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मैदान में कूड़ेदान की संख्या बढ़ाने के बारे में विभागीय अफसरों को निर्देश दिए। मैदान में सफाई व्यवस्था बेहतर पाई गई। इसके लिए अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल खज्जियार में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलें, इसके लिए विभागीय अफसर हर प्रयास करें, जिससे एक बार खज्जियार आने वाला पर्यटक बार-बार यहां का रुख करे।
उन्होंने खज्जियार मैदान में लगे बाउंड्री बुर्ज का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को बुर्ज का नंबर सही तरीके से लिखने के आदेश दिए, जिससे मैदान की बाउंड्री को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस मौके पर वन्य प्राणी विभाग के डीएफओ कुलदीप जम्वाल, वन खंड अधिकारी धीरज सनवाल, वन रक्षक विपन कुमार ओर रजत कुमार आदि मौजूद रहे।