डीसी ने समीक्षा बैठक में जारी किए निर्देश, कार्यों में तेजी लाने पर दिया जोर
पूरा हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाने के लिए भी कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें आकांक्षी जिला एवं खंड कार्यक्रम के तहत विभिन्न संकेतकों, संपूर्णता अभियान 2.0, निगमित उत्तरदायित्व योजना और नीति आयोग निधियों के उपयोग की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े संकेतकों के तहत कम जन्म वजन शिशु दर मानक को पूरा करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पोषण विशेषज्ञों और संबंधित टीम के सहयोग से कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं की कम से कम चार प्रसव-पूर्व जांच सुनिश्चित करवाने के लिए समय पर पंजीकरण करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन डाटा अपलोड करते समय विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही निगमित उत्तरदायित्व योजना और नीति आयोग निधियों के उपयोग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और पूर्ण हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाने को कहा। उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, उपनिदेशक उद्यान डॉ. प्रमोद शाह, कृषि डॉ. भूपेंद्र सिंह, पशुपालन डॉ. राकेश भंगालिया, जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह और प्रबंधक अग्रणी बैंक डीसी चौहान मौजूद रहे।