चंबा। मतदान और मतगणना के लिए विभिन्न प्रबंधों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में राजकीय सहस्त्राब्दी बहु तकनीकी संस्थान सरोल में एक बैठक हुई।
उपायुक्त ने बैठक में मतदान और मतगणना के दौरान प्रभावी कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मतदान कर्मियों के लिए आवास व खानपान के अलावा विभिन्न स्थानों पर स्वच्छ पेयजल, अवाधित विद्युत आपूर्ति और पार्किंग सुविधा इत्यादि बारे संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने पोलिंग पार्टियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक को मूवमेंट प्लान के आधार पर जीपीएस सहित बसें उपलब्ध करवाने को कहा। उपायुक्त ने मतदान और मतगणना वाले दिन संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क सुविधा बहाल रखने, पेयजल आपूर्ति और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। मतगणना के लिए विद्युत आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर राजकीय सहस्त्राब्दी बहु तकनीकी संस्थान सरोल में जेनरेटर सेट लगाने को कहा। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को मतगणना स्थल पर अग्निशमन वाहन तैनात करने और पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र स्थापित करने के निर्देश दिए। सभी संबंधित अधिकारियों को पोलिंग पार्टियों तथा मतगणना अधिकारियों के लिए रहने तथा खाने-पीने की बेहतर व्यवस्था करने को कहा। मुकेश रेपस्वाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित क्विक रिस्पांस टीम को क्रियाशील रखने को कहा। बैठक में इंटरनेट एवं कनेक्टिविटी संचार साधनों, मतगणना के लिए फर्नीचर कंप्यूटर प्रिंटर इत्यादि, पोलिंग पार्टियों ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की परिवहन व्यवस्था, ध्वनि प्रसारण सेवाएं तथा मीडिया सेंटर की स्थापना के अलावा मतगणना परिसर की साफ सफाई सहित दस से अधिक अलग अलग मदों पर विस्तृत चर्चा की गई।