चंबा। युवाओं को खेल की ओर आकर्षित करने के लिए जिला प्रशासन हरकत में आया है। प्रशासन की ओर से अब पुलिस मैदान बारगाह में बास्केटबाल कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी है। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल की ओर से बास्केटबाल कोर्ट के निर्माण के लिए हाल ही में पुलिस मैदान बारगाह में निरीक्षण किया गया और जगह की संभावनाएं तलाशीं। प्रशासन की ओर से मैदान के एक कोने में बास्केटबाल कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को काफी सहूलियत मिलेगी। जिला प्रशासन की ओर से इस तरह की पहल करने का मकसद युवाओं को बास्केटबाल खेल से जोड़ना है।
जिला मुख्यालय की बात करें तो पुलिस मैदान बारगाह में ही विभिन्न खेलों का अभ्यास रहता है। क्रिकेट के लिए यहां सीमेंटेड ट्रैक की भी व्यवस्था है। जबकि बास्केटबॉल के लिए पुलिस मैदान बारगाह में कोई सुविधा नहीं है। यह मामला जैसे ही उपायुक्त के ध्यान में आया तो उन्होंने मैदान का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने बारगाह मैदान के एक छोर में बास्केटबॉल कोर्ट के निर्माण के लिए अपनी सहमति दी। जल्द ही कार्य भी शुरू किया जाएगा।
पुलिस मैदान बारगाह के एक छोर में बास्केटबाल कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जगह चयनित कर ली गई है। इससे खिलाड़ियों को सुविधा मिलेगी। जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू किया जाएगा।
मुकेश रेपसवाल, उपायुक्त चंबा