now vaccination will be done in every village of Bharmaur
भरमौर (चंबा)। वैक्सीनेशन सेंटरों के अलावा अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी टीके लगाए जाएंगे। वैक्सीनेशन सेंटरों के गांवों से अधिक दूर होने और कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। इसके तहत उपमंडल भरमौर में अब भरमौर प्रशासन की ओर से प्रदान की गई तीन गाड़ियों के जरिये वैक्सीनेशन का कार्य गांव-गांव में जाकर पूरा किया जाएगा। प्रशासन के इस कदम से अब ग्रामीणों को वैक्सीनेशन करवाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
जानकारी के मुताबिक भरमौर ब्लॉक में अब तक 4796 लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन अब सतर्क हो गया है। इसलिए प्रशासन की ओर से जहां एक तरफ सभी सरकारी कार्यालयों में नो मास्क नो सर्विस का नियम लागू कर दिया गया है तो वहीं, दूसरी ओर अब अधिक से अधिक वैक्सीनेशन करवाने के लिए ग्रामीण स्तर तक पहुंचने का निर्णय लिया गया है। उपमंडल भरमौर में भरमौर, होली और गरोला में होने वाली वैक्सीनेशन के अलावा अब स्वास्थ्य विभाग को तीन अन्य वाहन मुहैया करवाए गए हैं। अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित टीमें गांव-गांव पहुंचेंगी। इससे ग्रामीणों को काफी हद तक राहत मिलेगी।
एसडीएम भरमौर मनीष सोनी ने बताया कि ग्रामीण स्तर पर वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग को तीन वाहन मुहैया करवाए गए हैं। इसके तहत अब ग्रामीणों की गांव-गांव में वैक्सीनेशन होगी।