चुवाड़ी (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी में अब विद्यार्थियों को मातृ भाषा हिंदी, केमिस्ट्री और राजनीति शास्त्र विषयों के ज्ञान से अछूता नहीं रहना पड़ेगा। इतना ही नहीं, महाविद्यालय में पोस्ट ग्रेजुएशन की कक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी, जिससे विधानसभा क्षेत्र चुवाड़ी के तहत आतीं दर्जनों पंचायतों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
महाविद्यालय में महत्वपूर्ण विषयों के पद भरे जाने और पोस्ट ग्रेजुएशन की कक्षाएं शुरू होने से विद्यार्थियों को भी पढ़ाई करने के लिए चंबा या धर्मशाला का रुख नहीं करना पड़ेगा।
बता दें कि महाविद्यालय चुवाड़ी में हिंदी, केमिस्ट्री और राजनीति शास्त्र के पद रिक्त होने से विद्यार्थियों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। महत्वपूर्ण विषयों के पद रिक्त होने से मजबूरन गरीब परिवारों से ताल्लुक रखने वाले विद्यार्थियों को महाविद्यालय चंबा या धर्मशाला का जाना पड़ रहा है। ऐसे में छात्र संगठन भी कई बार पद भरने और पोस्ट ग्रेजुएशन की कक्षाएं शुरू करने की मांग उठाते रहे हैं। छात्रों ने ये समस्याएं विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के सम्मुख रखीं। इसके तहत अब छात्र हित को ध्यान में रखते हुए रिक्त पद भरने और पोस्ट ग्रेजुएशन की कक्षाएं शुरू करने को लेकर सरकार के आदेश जारी हो गए हैं।