फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chamba News: अब खुले में कूड़ा छांटने की मजबूरी से मिलेगी मुक्ति

Fri, 27 Nov 2026 10:52 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्बा
विज्ञापन
विज्ञापन
चंबा में पांच जगह बनेंगे एमआरएफ सेंटर, सफाई कर्मियों को मिलेगी सुरक्षित जगह
विज्ञापन

साढ़े 12 लाख रुपये से होगा निर्माण, नगर परिषद ने आवंटित किया टेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। कूड़े के ढेर के बीच बैठकर गीले और सूखे कचरे को अलग करने की सफाई कर्मियों की मजबूरी अब खत्म होने वाली है। नगर परिषद चंबा शहर में पांच स्थानों पर कूड़ा पृथकीकरण केंद्र (एमआरएफ सेंटर) स्थापित करने जा रही है।
इन केंद्रों के बनने से सफाई कर्मियों को खुले आसमान के नीचे दुर्गंध और गंदगी के बीच बैठकर कूड़ा छांटने से राहत मिलेगी। साथ ही बारिश और खराब मौसम में भी वे सुरक्षित जगह पर अपना काम कर सकेंगे। परियोजना पर करीब साढ़े 12 लाख रुपये खर्च होंगे और नगर परिषद ने निर्माण कार्य का टेंडर भी आवंटित कर दिया है।
विज्ञापन

नगर परिषद के 11 वार्डों चौंगान, सुराड़ा, जनसाली, सपड़ी, हटनाला, धड़ोग, जुलाहकड़ी, सुल्तानपुर, मुगला, चौंतड़ा और कसाकड़ा से रोजाना कई टन कूड़ा निकलता है। सफाई कर्मी घर-घर से कचरा एकत्रित करते हैं। कई घरों से गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग नहीं मिलने के कारण उन्हें एकत्रित कचरे को खुले स्थानों पर ही छांटना पड़ता है। इस दौरान दुर्गंध के साथ संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। बरसात में यह काम और मुश्किल हो जाता है।
इस समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद ने टीवी वार्ड, हरदासपुरा, तत्वानी, सुल्तानपुर में दो और भगौत में एक कूड़ा पृथकीकरण केंद्र बनाने की योजना तैयार की है। इन केंद्रों को चारों तरफ से बंद किया जाएगा, ताकि कूड़े से उठने वाली दुर्गंध आसपास के क्षेत्रों में न फैले। यहां सफाई कर्मी व्यवस्थित तरीके से गीले और सूखे कचरे को अलग कर सकेंगे। इससे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
विज्ञापन


केंद्र सरकार की योजना से मिलेगा बजट
नगर परिषद अध्यक्ष राखी कौशल ने बताया कि केंद्र सरकार की एमआरएफ योजना के तहत उपलब्ध बजट से पांचों केंद्रों का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए टेंडर आवंटित कर दिया गया है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही काम शुरू करवाया जाएगा। केंद्र बनने से सफाई कर्मियों को खुले में कूड़ा छांटने की परेशानी से राहत मिलेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें