एक किलोमीटर चलने के बाद खराब हो गई बस, परेशान रहे 50 यात्री
विद्यार्थियों सहित यात्रियों को पैदल और टैक्सी से तय करना पड़ा सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा डिपो की एचआरटीसी बस एक बार फिर रास्ते में खराब हो गई। इससे करीब 50 यात्री परेशान रहे। यह बस सुबह सात बजे अगाहर से चंबा के लिए आ रही थी। अगाहर से करीब एक किलोमीटर आगे बस के पहिये थम गए।
महज एक किलोमीटर दूर चलने के बाद ही बस ने काम करना बंद कर दिया। इस दौरान बस में सवार विद्यार्थी, महिलाएं और अन्य यात्री बीच रास्ते में फंस गए। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी इंतजार के बाद भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हुई तो यात्रियों को मजबूरी में पैदल और टैक्सी का सहारा लेकर चंबा पहुंचना पड़ा। यात्रियों को अतिरिक्त किराया भी देना पड़ा।
यात्रियों में अजय कुमार, सुरेश कुमार, रीना देवी, विक्रम ठाकुर, विनय कुमार, राहुल कुमार, सीमा देवी और किरण कुमारी ने बताया कि वे रोज इसी बस से आते-जाते हैं। इस रूट की बस बार-बार खराब हो रही है। इससे विद्यार्थी समय पर स्कूल भी नहीं पहुंच पा रहे हैं। पूरा किराया देते हैं लेकिन सफर अधूरा रह जाता है। अब तो सरकारी बसों में सफर करने का भरोसा ही नहीं रहा। बीच रास्ते में बस खराब होने से हमें पैदल चलना पड़ा और फिर टैक्सी करनी पड़ी। प्रशासन और परिवहन निगम को कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने कहा कि परिवहन निगम की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं कि खटारा बसों की जगह नई बसें भेजी जाएं। जल्द ही यात्रियों की परेशानी का समाधान हो जाएगा।