चंबा। आकांक्षी जिला चंबा अब फोरेंसिक एक्सपर्ट समेत पांच विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सर्जरी, फोरेंसिक, कम्युनिटी मेडिसिन, फार्माकोलॉजी और त्वचा रोग विभाग में पीजी कोर्स शुरू करने की राह साफ हो गई है।
अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी की टीम इसी माह पांचों विभागों का निरीक्षण कर चुकी है। अब इसकी रिपोर्ट के बाद पीजी कोर्स शुरू करने की अनुमति मिलने की उम्मीद है।
टीम ने विभागों में डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की उपलब्धता के साथ मरीजों को मिल रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। विभागीय सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान टीम संतुष्ट रही। मौजूदा समय में मेडिकल कॉलेज में हड्डी और मेडिसिन विभाग में पीजी कोर्स चल रहे हैं। सरकार ने चंबा में पीजी की 34 सीटें बढ़ाई हैं।
एमबीबीएस के बाद डॉक्टरों को चंबा में ही विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलने से जिले में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने में मदद मिल सकती है। पीजी कोर्स पूरा करने वाले विशेषज्ञों को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में नियुक्ति मिलने की संभावना रहेगी।
यूनिवर्सिटी की टीम ने इसी माह पांच विभागों का निरीक्षण किया है। जल्द ही पीजी कोर्स शुरू करने की अनुमति मिलने की उम्मीद है। डॉ. मानिक सहगल, प्रवक्ता, मेडिकल काॅलेज चंबा