चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में जल्द ही हड्डी रोगियों की रोबोटिक सर्जरी शुरू की जाएगी। रोबोटिक मशीन सर्जरी को कम दर्दनाक और कम चीर-फाड़ वाला बनाएगी। यह तकनीक विशेषज्ञ डॉक्टर को सटीक सर्जरी करने में मदद करेगी, जिससे मरीजों को बेहतर और तेज उपचार मिलेगा। इसके लिए हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मानिक सहगल को आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है।
जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन मिलकर सीएसआर के तहत मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी के लिए मशीन उपलब्ध कराने की योजना बना रहे हैं। इसके लिए प्रशासन ने प्रबंधन से प्रस्ताव भी ले लिया है। जल्द ही एनएचपीसी या अन्य पावर प्रोजेक्ट मेडिकल कॉलेज को रोबोटिक मशीन उपलब्ध करवा सकता है।
आकांक्षी जिले में हड्डी रोग की सर्जरी रोबोट से शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि अन्य सर्जरी को रोबोट से करने में अभी लंबा समय लग सकता है। उल्लेखनीय है कि बिना रोबोट के भी डॉक्टर मानिक सहगल चंबा में कई ऐसी सर्जरी कर चुके हैं, जो कि जिले के लोगों के लिए राहत से कम नहीं थी। इसमें रीढ़ की हड्डी की सर्जरी और कूल्हे को बदलना शामिल है।
ऐसे काम करेगी मशीन
यह मशीन रोबोटिक हैंड की तरह होगी, जो विशेषज्ञ को स्टीक सर्जरी करने में सहायता करेगी। विशेषज्ञ रोबोट की सहायता लेकर मरीज की हड्डी को कम चीर फाड़ करके आवश्यकता अनुसार काट सकता है। इसके बारे में मशीन की स्क्रीन पर विशेषज्ञ को पूरी जानकारी मिलेगी। यह पूरी प्रक्रिया सेंसर के जरिये पूरी की जाएगी, जो कि मरीज की हड्डी पर लगाए जाएंगे। इसके बाद विशेषज्ञ रोबोट को सर्जरी के संबंध में हड्डी को काटने की कमांड देगा।
डॉ. मानिक सहगल रोबोट से सर्जरी करने का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। जल्द ही चंबा में रोबोटिक सर्जरी को शुरू किया जाएगा। प्रशासन की मदद से जल्द ही उन्हें मशीन मिल सकती है। डॉ. पंकज गुप्ता, प्राचार्य, चंबा मेडिकल कॉलेज