Now registration will be done in the health center for vaccine
चंबा। कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए अब लोग पंचायत और स्वास्थ्य केंद्र में भी पंजीकरण करवा सकते हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य केंद्रों में पंजीकरण और टीकाकरण की व्यवस्था कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया डिजिटल होने के कारण ग्राम स्तर पर पंजीकरण की समस्या हो रही थी। इस समस्या को देखते हुए अब पंजीकरण को पंचायत स्तर के साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों में भी शुरू कर किया गया है। कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य खंडों में कोरोना वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य खंड भरमौर में सिविल अस्पताल भरमौर, खंड चूड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चूड़ी, खंड किहार में बरंगाल, किहार, सलूणी, सुंडला, भांदल और डीयूर, खंड किलाड़ में सिविल अस्पताल किलाड़ और स्वास्थ्य खंड पुखरी में आयुर्वेदिक अस्पताल बालू, मेडिकल कॉलेज चंबा, राणा अस्पताल सुल्तानपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर, चनेड़, साहो, खंड समोट में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी, मिलिट्री अस्पताल ककीरा, बकलोह और डलहौजी, तीसा खंड में सिविल अस्पताल तीसा में वैक्सीन के पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्ति और 45 से 59 वर्ष की आयु के वे व्यक्ति जो किसी न किसी बीमारी से पीड़ित हों, वे जल्द कोरोना वैक्सीन के लिए पंजीकरण करवाकर टीका लगवाएं। कहा कि कोरोना महामारी का खतरा अभी टला नहीं है अभी भी घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनें और कोविड-19 नियमों का पालन करें।