चंबा। विकास खंड चंबा के तहत एक पंचायत में चाइल्ड लाइन की टीम ने मौके पर पहुंचकर बाल विवाह रुकवाया। टीम ने लड़की के पिता से लिखित में लिया है कि जब तक लड़की और लड़का बालिग नहीं हो जाते, तब तक उनकी शादी न करवाई जाए। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चाइल्ड लाइन के समन्वयक कपिल शर्मा ने बताया कि 14 मार्च को 1098 के माध्यम से सूचना मिली कि एक पंचायत में नाबालिग लड़की की शादी पंचायत के एक नाबालिग लड़के के साथ करवाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद चाइल्ड लाइन के समन्वयक कपिल ने छानबीन की। मौके पर पाया गया कि लड़की की आयु 16 वर्ष है, जिसकी नाबालिग लड़के के साथ शादी होने जा रही है। बारात 14 मार्च की रात को आने वाली थी। टीम ने ऐन मौके पर जाकर विवाह को रुकवा दिया। कपिल शर्मा ने लड़की के पिता को समझाया कि नाबालिगों की शादी करना कानूनी अपराध है। इसके बाद लड़की के पिता ने बेटी के बालिग होने पर ही उसकी शादी करने की बात कही।
टीम शीघ्र लड़के और लड़की के घर में दोबारा जाकर पूछताछ करेगी और दोनों पक्षों को आगे की कार्रवाई के लिए बाल-कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।