चंएबा मेडिकल कॉलेज के ओपीडी ब्लॉक में अलग पर्ची काउंटर को लेकर निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधि
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में मरीजों को अब पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा। प्रबंधन की ओर से ओपीडी की पर्ची बनवाने के लिए दो पंजीकरण केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए मंगलवार शाम को चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य विभागाध्यक्षों ने मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पंजीकरण केंद्र खोलने के लिए उचित स्थान को तलाश गया है। ओपीडी ब्लॉक में एक पंजीकरण केंद्र संचालित है जहां पर मरीजों की लंबी कतारें लग रही थीं। हालांकि पहले आपातकालीन कक्ष के पंजीकरण केंद्र में ओपीडी की पर्ची भी बन जाती थी लेकिन प्रबंधन की तरफ से इस व्यवस्था को बंद कर दिया गया है। इसके चलते सभी मरीजों की पर्ची बनाने का जिम्मा एक ही पंजीकरण केंद्र पर आ गया था। इसको लेकर अमर उजाला ने प्रमुखता के साथ खबर भी प्रकाशित की। इसमें मरीजों को आपातकालीन कक्ष में पर्ची नहीं बनने से पेश आने वाली समस्याओं को उजागर किया गया। प्रबंधन ने अब दो ओपीडी पंजीकरण केंद्र बनाने के लिए कदमताल शुरू कर दी है।
फिलहाल ओपीडी पंजीकरण केंद्र में जहां दो कंप्यूटरों में पर्ची बनाई जा रही थी, वहां पर एक और कंप्यूटर की व्यवस्था कर दी है। इससे मरीजों को पर्ची बनवाने में आसानी होगी। मरीजों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जालम भारद्वाज ने बताया कि ओपीडी ब्लॉक में दो पंजीकरण केंद्र बनाने की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल संचालित केंद्र में कंप्यूटर की संख्या बढ़ा दी गई है। जल्द दो केंद्र मरीजों की पर्ची बनाने के लिए संचालित करवाए जाएंगे।