चंबा। जिले में मरम्मत के अभाव में एचआरटीसी की बसें अब जगह-जगह खड़ी नहीं होंगी। चंबा डिपो में बसों के कलपुर्जे पहुंच गए हैं। दो दिन पहले ही कलपुर्जे पहुंचे हैं।
अब खराब पड़ी बसों की मरम्मत का काम भी शुरू हो गया है। बसों में टायरों के लिए कमी भी दूर हो जाएगी। गौरतलब है कि चंबा डिपो में पिछले काफी समय से कलपुर्जों की कमी चल रही थी। इस कारण बसों की मरम्मत नहीं हो पा रही थी। ऐसे में जिले के कई रूटों पर भेजी गईं बसें खराब हो गईं। इससे यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इन्हें काफी समय तक दूसरी बस का इंतजार करने के बाद लिफ्ट लेकर या टैक्सी कर घर पहुंचना पड़ा। कलपुर्जों की कमी से मरम्मत न होने के कारण पिछले एक महीने में ही लगभग सात से आठ एचआरटीसी बसें विभिन्न रूटों पर खराब हो चुकी हैं। 12 बसें मरम्मत के लिए चंबा बस स्टैंड में ही धूल हांफ रही हैं। अमर उजाला ने खराब बसों और कलपुर्जों की कमी का मामला प्रमुखता से उठाया था। इस पर परिवहन निगम ने कलपुर्जों की मांग भेजी थी। ऐसे में अब कलपुर्जों की खेप आने से काफी राहत मिलेगी।
उधर, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधन शुगल सिंह ने कहा कि कलपुर्जों की डिमांड भेजी गई थी। दो दिन पहले ही कलपुर्जों का कोटा पहुंच गया है।