now electricity connection will provide online
चंबा। जिले में बिजली का कनेक्शन लेने के लिए अब उपभोक्ताओं को कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इस संदर्भ में बोर्ड ने ऑनलाइन व्यवस्था कर दी है, जो सात जून से लागू होगी। बोर्ड के लिंक के जरिये उपभोक्ताओं को कनेक्शन दिया जाएगा। लोगों को तमाम औपचारिकताएं इस लिंक में अपलोड करनी होंगी, जिसके बाद बोर्ड इस लिंक के माध्यम से कनेक्शन देगा। बोर्ड की ओर से ऐसी व्यवस्था शुरू करने का मकसद लोगों को राहत पहुंचाना है।
ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने से कोरोना महामारी की इस विकट परिस्थिति में भी लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेगा। जानकारी के मुताबिक नए बिजली कनेक्शन के लिए खतौनी नंबर, आधार कार्ड, खाली स्टांप रिपोर्ट, संबधित प्रधान की एनओसी सहित लोड की जानकारी देनी होगी। औपचारिकताओं में अगर कोई आपत्ति होती है तो इस लिंक के माध्यम से भी जानकारी आवेदकों को मिल सकेगी।
ऑफलाइन व्यवस्था की अपेक्षा उपभोक्ताओं को कम समय में ही बिजली कनेक्शन मिल जाएगा। नए आवेदकों को बोर्ड की वेबसाइट में जाना होगा। यहां बताए गए निर्देश के मुताबिक अपना ऑनलाइन फार्म भरना होगा और साइज के मुताबिक जरूरी कागजातों को अपलोड करना होगा। गौरतलब है कि इससे पहले ऑफलाइन व्यवस्था से लोगों को काफी दिक्कत होती थी।
उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते थे। लेकिन, अब ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने से आवेदकों को काफी राहत मिलेगी। बिजली बोर्ड चंबा-द्वितीय के सहायक अभियंता अजय कुमार ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सात जून से आवेदक ऑनलाइन बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं।