जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने की कार्रवाई, ढाबा मालिकों से लिया जाएगा जवाब
भटियात क्षेत्र के बाजार में निरीक्षण के दौरान बरामद किए थे 11 घरेलू गैस सिलिंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने भटियात क्षेत्र में ढाबा और रेस्तरां मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। ढाबों में घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग करने पर यह कार्रवाई संबंधित विभाग ने की है।
विभाग ने इसके लिए सात दिन का समय निर्धारित किया है। दुकानदारों को तय समयावधि के भीतर अपना जवाब देना होगा। मामले में अपना जवाब न देने वाले ढाबा मालिकों पर विभाग की ओर से एकतरफा कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभाग की ओर से इस तरह की कार्रवाई करने का मकसद ढाबों में व्यावसायिक के बजाय घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग करने के कारणों की छानबीन करना है।
गत माह तीस अप्रैल को जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग चंबा ने भटियात उपमंडल के तहत आते बाजारों का निरीक्षण किया था। इस दौरान विभागीय टीमों ने शहर के ढाबों, होटलों और रेस्तरां में दबिश दी थी। करीब 11 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए थे। दुकानदारों को निर्देश दिए थे कि वे घरेलू के बजाय व्यावसायिक सिलिंडरों का प्रयोग दुकानों में करें। ढाबों में घरेलू सिलिंडरों का प्रयोग करना नियमों के खिलाफ है। विभाग समय-समय पर दुकानदारों को इस बारे में निर्देश देता है मगर दुकानदार व्यावसायिक के बजाय घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग कर रहे हैं। विभाग की ओर से जब्त किए सिलिंडरों को लौटाने के लिए अब संबंधित ढाबा मालिकों से जवाब लिया जाएगा। दूसरी तरफ जुर्माना भी किया जाएगा।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कर्ण ठाकुर ने बताया कि गत माह औचक निरीक्षण के दौरान 11 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए गए थे। ढाबा मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके बाद विभाग की ओर से आगामी कार्रवाई की जाएगी।