हमीरपुर। खुले में कूड़ा फेंकने पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर परिषद नादौन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर परिषद के अधिकारियों को 15 दिन के भीतर अपना पक्ष रखने का समय दिया है। हालांकि, प्रदूषण बोर्ड ने नगर परिषद के खिलाफ कूड़े का सही तरीके से निष्पादन न करने पर जुर्माना लगाने का निर्णय लिया है।
बता दें कि मसियाना में दो दिन पहले अज्ञात लोगों ने निजी भूमि पर कूड़े का टिपर फेंक दिया था। इसे लेकर निजी भूमि मालिक ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत मिलने के बाद प्रदूषण बोर्ड के अधिकारियों ने मसियाना का निरीक्षण किया तो उसमें कुछ पैकेट डिलीवरी के थे, जिसमें एड्रेस नादौन का था। इस पर प्रदूषण बोर्ड ने कड़ा कदम उठाया है। प्रदूषण बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार अगर नगर परिषद नादौन की ओर से कोई संतुष्टिजनक उत्तर नहीं मिलता है तो उनके खिलाफ अन्य कार्रवाई भी हो सकती है। इसके साथ ही प्रदूषण बोर्ड ने भिड़ा में भी कंपनी की ओर से वाहनों के सर्विस के दौरान तेल को खुले में फेंकने का भी संज्ञान लिया है। प्रदूषण बोर्ड ने कंपनी से तेल की सफाई करवाई है। प्रदूषण बोर्ड के जेई राहुल कुमार ने बताया कि नगर परिषद नादौन को नोटिस जारी किए गए हैं। खुले में कूड़ा फेंकने पर जुर्माना किया जाएगा।