चंबा। लंबे समय से ऋण न चुकाने वालों पर अनुसूचित जाति और जनजाति निगम चंबा ने शिकंजा कस दिया है। निगम ने करीब 40 ऋणधारकों को किस्त जमा करवाने के संदर्भ में नोटिस जारी किए हैं। नोटिस जारी होने के 15 दिन के भीतर ऋण धारकों को किस्त की अदायगी करनी होगी, नहीं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार निगम की ओर से अनुदान पर विभिन्न योजनाओं पर ऋण दिया जाता है। इससे लोग अपनी आजीविका शुरू कर सकें। 40 लोगों की करीब दो से तीन माह की किस्तें लंबित हैं। ऐसे में निगम को ऋण की किस्त की राशि निकलवाने के लिए नोटिस भेजने पड़ रहे हैं।
निगम की ओर से 50 हजार से 50 लाख रुपये की राशि के ऋण उपलब्ध करवाए जाते हैं। इस राशि से लोग जहां दुकान चला सकते हैं तो वहीं, वाहनों को खरीद कर अपनी आजीविका चला सकते हैं।
अगर निर्धारित अवधि के भीतर 40 ऋण धारक अपनी किस्त जमा नहीं करवाते हैं तो ऋण राशि के आधार पर दंड ब्याज भी लगाया जा सकता है। सौरभ शर्मा, कार्यवाहक जिला प्रबंधक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति निगम