चंबा। विधानसभा चुनाव 2022 के संचालन के लिए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी राणा ने जिला स्तर पर तैनात किए गए सभी नोडल अधिकारियों को सात सितंबर तक अपने दायित्व से संबंधित कार्य योजना तैयार करने को कहा है। उपायुक्त कार्यालय के सभागार में नोडल अधिकारियों के दायित्वों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि चूंकि चुनाव प्रक्रिया से संबंधित प्रत्येक कार्य के लिए समय सीमा निश्चित है। इसके साथ प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटियों की कोई संभावना भी नहीं है। ऐसे में जिला स्तर पर तैनात सभी नोडल अधिकारी समयबद्ध तौर पर निर्धारित किए दायित्वों का पालन सुनिश्चित बनाएं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन ने सभी नोडल अधिकारियों से निर्धारित किए गए दायित्वों के अनुसार सात सितंबर तक तक कार्य योजना बनाने के निर्देश जारी किए।
उन्होंने यह निर्देश भी दिए कि प्रक्रिया के बेहतर कार्यान्वयन के लिए नोडल अधिकारी अपने विभाग के कर्मचारियों की सेवाएं भी ले सकते हैं। उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी को निर्धारित सीमा के भीतर चुनाव प्रक्रिया के लिए नियुक्त होने वाले कर्मचारियों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए कहा। साथ ही ईवीएम प्रबंधन को लेकर संबंधित नोडल अधिकारी को व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मतदान संबंधी प्रशिक्षण प्रबंधन के लिए जल्द सूची तैयार की जाए।
डीसी राणा ने आदर्श आचार संहिता के पालन के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।