तीसा (चंबा)। राजकीय माध्यमिक पाठशाला दियोला में अध्ययनरत आठवीं कक्षा की छात्रा लीलो देवी (13) पुत्री रामदयाल गांव कुम्हारुंई, ग्राम पंचायत दियोला स्कूल से छुट्टी कर घर लौट रही थी। छात्रा का दलेला नाले के समीप पैर फिसला और वह गहरी खाई मेें जा गिरी जिससे वह घायल हो गई।
छात्रा के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलावस्था में छात्रा को उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जसौरगढ़ पहुंचाया गया जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा के लिए रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार के बाद छात्रा को टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है। यहां छात्रा की हालत में कुछ सुधार है।
ग्राम पंचायत दियोला की प्रधान पदमु देवी ने हादसे में छात्रा के घायल होने की पुष्टि की है। बताया कि उसे टांडा रेफर कर दिया गया है।
मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. देविंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा की हालत को देखते हुए उसे टांडा रेफर किया गया है।