नोट बंदी के बाद जिला में पुराने नोट बदलने के लिए पहुंच रहे लोगों को चंबा में बुधवार को स्याही नहीं लग पाई।
बैंकों में पहचान के लिए उंगली पर स्याही लगाने के निर्देश जारी हुए हैं। लेकिन चंबा में किसी भी बैंक के पास स्याही नहीं थी। जिसकी वजह से यह नियम सिरे नहीं चढ़ा। बुधवार को बैंकों में भीड़ में कमी देखी गई।
शुरूआत के मुकाबले अब बैंकों में पहुंचने वाले लोगों की संख्या में भी लगातार कमी आ रही है। एटीएम के बाहर भी ज्यादा भीड़ नजर नहीं आई। हालांकि बुधवार को भी एटीएम से दो हजार या पांच सौ के नए नोट नहीं निकल पाए।
बैंक प्रबंधकों ने इस व्यवस्था के शुरू होने में कुछ और दिन लगने की बात कही है। शहर मुख्यालय के आसपास कुछ बैंकों के एटीएम बंद होने से लोगों को जरूर निराशा हाथ लगी जबकि कुछ एटीएम के बाहर लोग देर तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे। चंबा में ज्यादातर लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस फैसले का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि धीरे-धीरे पूरे हालात सामान्य हो जाएंगे और दिनचर्या दोबारा पटरी पर लौट आएगी।
उधर, एसबीआई के प्रबंधक एलआर ठाकुर का कहना है कि स्याही का इंतजाम न हो पाने की वजह से बुधवार को किसी भी उपभोक्ता को स्याही नहीं लगाई गई है। वीरवार से इस व्यवस्था को अमल में लाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि धीरे-धीरे हालात सामान्य हो रहे हैं और बैंकों की भीड़ भी अब छंटने लगी है। लोगों के पास जरूरत के मुताबिक पैसा पहुंच रहा है। जल्द ही एटीएम से पांच सौ व दो हजार के नए नोट मिलने लगेंगे।