साहो (चंबा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) साहो में जल्द अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. शैलजा सूर्या के तबादले के आदेश जारी किए हैं।
उनके यहां सेवाएं देने से क्षेत्र के लोगों को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे मरीजों और तीमारदारों को चंबा के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और समय व पैसे की बचत होगी।
सीएचसी साहो में सुविधा शुरू होने से क्षेत्र की करीब कीड़ी, अठलुई, गुवाड़, सराहन, घतरेहड़, रजिंढू, प्रौथा, प्लयूर, कुरैणा, साहो, बरौर, बाट, उटीप, पलूअंई, कैला, जडेरा और सिल्लाघ्राट समेत 14 पंचायतों की 30 हजार से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा।
अभी लोगों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए चंबा जाना पड़ता है। कई गांवों से चंबा की दूरी 20 से 35 किलोमीटर तक है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को अधिक परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों ने लंबे समय से सीएचसी में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की मांग उठाई थी। ग्रामीण हसनदीन, ओमप्रकाश, अरुण कुमार, कैलाश चंद, पवन कुमार, बंटू कुमार, यशपाल और कुलदीप सिंह ने सुविधा शुरू होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। चिकित्सक के तबादले के आदेश हो चुके हैं। जल्द ही लोगों को यह सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। डॉ. जालम भारद्वाज, प्रभारी, सीएचसी साहो