चुराह (चंबा) सनवाल पंचायत के गुवाड़ी वार्ड में 30 मई को दोबारा चुनाव होंगे। इसके लिए चुराह प्रशासन की ओर से आवश्यक पाबंदियां लगाई गई हैं। इसके तहत पंचायत सनवाल के वार्ड नंबर 2 (गुवाड़ी) में 30 मई (सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक) दोबारा मतदान होगा। इससे पहले हुए चुनाव में लड़ाई-झगड़े और गड़बड़ी के कारण उसे रद्द कर दिया गया था। सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए एसडीएम राजेश कुमार ने धारा 163 (पुरानी धारा 144) लागू किया है। इसके तहत सख्त निर्देश जारी किए गए हैं जो 29 मई को शाम 4 बजे से लेकर 30 मई शाम 7 बजे तक लागू रहेंगे।
निर्देशों के अनुसार गुवाड़ी प्राइमरी स्कूल (पोलिंग बूथ) के 500 मीटर के दायरे में 5 या उससे ज्यादा लोगों के एक साथ इकट्ठा होने पर रोक रहेगी। इसके अलावा मतदान करने के लिए लाइन में लगे लोगों पर ये नियम लागू नहीं होगा। चुनाव क्षेत्र में किसी भी तरह के हथियार, लाठी, डंडा, तलवार, कुल्हाड़ी, पत्थर या आग लगाने वाली चीजें साथ ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
पोलिंग बूथ के आसपास किसी भी तरह के भड़काऊ भाषण देने, नारे लगाने या आपसी भाईचारा बिगाड़ने वाली हरकत करने पर सख्त पाबंदी है। पूरी सनवाल पंचायत में 28 मई की दोपहर 3 से लेकर 30 मई की शाम 7 बजे तक लाउडस्पीकर या किसी भी तरह के साउंड सिस्टम बजाने की अनुमति नहीं है। पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल फोन, कैमरा या कोई भी रिकॉर्डिंग डिवाइस ले जाना मना है। (यह छूट सिर्फ ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को है)। पोलिंग बूथ के पास सिर्फ वही लोग जा सकते हैं जिनके पास वैध वोटर आईडी कार्ड है या फिर अधिकृत चुनाव एजेंट और अधिकारी हैं। बिना वजह परिवार के किसी सदस्य या साथी को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। एसडीएम चुराह ने साफ किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति इन नियमों का उल्लंघन करता है या शांति भंग करने की कोशिश करता है। तो उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
इन्हें रहेगी रियायत
- शांति से लाइन में लगकर वोट देने वाले मतदाताओं को।
- ड्यूटी पर तैनात पुलिस, होमगार्ड, पैरामिलिट्री फोर्स और चुनाव अधिकारियों को।
- जो वोटर अकेले या अपने परिवार के साथ सीधे वोट डालने जा रहे हैं या वोट डालकर वापस घर लौट रहे हैं।