बनीखेत (चंबा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी में कोविड टेस्ट करवाने पहुंच रहे लोगों को बारिश में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को आलम यह रहा है कि लोगों छाते के सहारे टेस्ट करवाने के लिए कतार में खड़ा रहना पड़ा। खुले आसमान के नीचे लोगों के कोविड सैंपल लिए जा रहे हैं। हालांकि, चिकित्सकों की सुविधा के लिए एक छोटी गुमटी बनाई गई है, जिसमें खड़े होकर चिकित्सक बाहरी लोगों के सैंपल लेते हैं। जबकि, सैंपल देने के लिए इंतजार में खड़े लोगों के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं है। यही नहीं, कड़कती धूप में भी लोगों को खुले आसमान के नीचे ही कतारों में खड़े रहना पड़ता है। हालांकि, वैक्सीनेशन के लिए सीएससी के अंदर व्यवस्था की गई है लेकिन टेस्ट करवाने वाले लोगों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है।
कोरोना संक्रमण रोकने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लोगों को कोविड टेस्ट करवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। अपनी जिम्मेदारी समझते हुए लोग कोविड टेस्ट के लिए आगे भी आ रहे हैं लेकिन सैंपल लेने के लिए बनाए गए केंद्रों में लोगों के इंतजार के लिए बैठने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में कड़कती धूप और बारिश में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सतीश फोतेदार ने बताया कि वैक्सीनेशन और कोविड टेस्ट एक जगह होने से परेशानी हो रही है। इसके समाधान को लेकर उचित कदम उठाए जाएंगे।