बनीखेत (चंबा)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनीखेत में वैक्सीन लगवाने पहुंचे लोगों को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। लोग चटक धूप में लाइनों में खड़े होकर वैक्सीन लगवाने के लिए खड़े रहे। धूप से बचने के लिए स्वास्थ्य केंद्र में विभाग की ओर से कोई प्रबंध नहीं किए गए हैं।
इतना ही नहीं, वैक्सीन लगवाने पहुंचे बुजुर्ग लोगों के लिए भी बैठने की कोई व्यवस्था नहीं है। इसके चलते उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ा। चटक धूप से बचने के लिए महिलाएं अपने दुपट्टे का सहारा लेती दिखीं को कुछ युवा हेल्मेट पहनकर लाइनों में खड़े रहे। गौरतलब है कि एक ओर सरकार, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए आगे आने को प्रेरित कर रहे हैं तो दूसरी तरफ वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे लोगों की सुविधाओं को दरकिनार किया जा रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की इतनी ज्यादा भीड़ जमा हो गई कि लोग कोविड सुरक्षा में जरूरी दो गज दूरी के नियम की पालना करना भी भूल गए। लोग वैक्सीन लगवाने की जल्दबाजी में धक्का-मुक्की पर उतर आए। लोगों की सुबह से लेकर शाम तक स्वास्थ्य केंद्र में लंबी लाइन लगी रही।
लोगों का कहना है कि जहां वैक्सीन लगाई जा रही है, वहां लोगों के ठहरने की सुविधा का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। जबकि, वैक्सीन लगवाने के लिए कुछ देर के लिए लोगों को स्वास्थ्य केंद्र में ठहराना अनिवार्य है। लोगों ने प्रशासन और विभाग से मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनीखेत में लोगों की सुविधा को देखते हुए टेंट की व्यवस्था की जाए।
एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर ने बताया कि बीएमओ से बात कर वैक्सीनेशन सेंटर को पीएचसी से सामुदायिक भवन में शिफ्ट करवाया जाएगा, जिससे लोगों को वैक्सीन लगवाने में कोई दिक्कत न हो।