चंबा। चिट्टे के मामले में पकड़े गए नौ आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। सोमवार को पुलिस ने इन आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां पर उन्हें 25 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया गया। ये आरोपी पुलिस ने चिट्टे के साथ पकड़े गए मां, बेटा और बेटी से तार जुड़ने के बाद गिरफ्तार किए हैं। इन आरोपियों ने उनके साथ तीन लाख से अधिक धनराशि का लेनदेन ऑनलाइन किया है।
यह लेनदेन चिट्टा की खरीद-फरोख्त को लेकर किया गया है। ऐसे में पुलिस इस मामले में गहराई से जांच कर रही है। जब महिला, उसका बेटा व बेटी सुल्तानपुर में चिट्टे के साथ पकड़े गए तो उनके पास नकदी, आभूषण, एक दर्जन मोबाइल फोन और पेमेंट स्कैनर मिले। इससे पुलिस को आभास हो गया कि यह रैकेट इन तीनों तक ही सीमित नहीं है। ऐसे में पुलिस ने उनके बैंक खातों को खंगाला और पैसों का लेन-देन भी बारीकी से चेक किया। इसमें ये नौ आरोपी ऐसे निकले, जो कि लगातार पैसों का लेन-देन कर रहे थे। यही वजह रही कि पुलिस ने उन्हें दबोचा और हवालात के पीछे डाला। डीएसपी बलदेव दत्त ने बताया कि समयावधि पूरी होने के बाद उन्हें दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।