जिला परिषद वार्ड में छह नई पंचायतों की एंट्री से समीकरण बदलने के आसार
गत पंचायतीराज चुनावों के दौरान वार्ड में थीं 15 पंचायतें, इस बार बढ़ी संख्या
पंकज सलारिया
चंबा। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों को लेकर जहां भावी उम्मीदवारों में उत्साह रहेगा, वहीं नई पंचायतों के शामिल होने से उन्हें समीकरण बदलने का भी डर रहेगा।
जिला परिषद वार्डाें के समीकरण से अधिकतर वार्डाें में पंचायतों की संख्या में इजाफा हुआ है। इसी के तहत जिला परिषद वार्ड चकलू में इस बार छह पंचायतों की नई एंट्री हुई है। ये पंचायतें जिला परिषद वार्ड चांजू से चकलू वार्ड में शामिल हुई हैं। लिहाजा, अब भावी उम्मीदवार की दशा और दिशा के साथ समीकरण बदलने के भी आसार हैं। नई पंचायतों के शामिल होने से अब वार्ड में 21 पंचायतें हो गई हैं जबकि गत पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों से पहले इस वार्ड में पंचायतों की संख्या 15 थी। लिहाजा, नई पंचायतें आने के चलते आगामी पंचायतों में भावी उम्मीदवारों का खेल बिगाड़ने और पूर्व में चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों को जीत के लिए काफी मेहनत करनी पड़ेगी। गौरतलब है कि जिला परिषद चकलू वार्ड के तहत छह नई पंचायतों में भावला, कल्हेल, चरोड़ी, कोहाल, चोली और करेरी शामिल हैं। इससे पहले ये पंचायतें जिला परिषद वार्ड चांजू के तहत थीं।
वार्ड के तहत अब ये रहेंगी पंचायतें
जिला परिषद वार्ड चकलू के तहत अब कंदला, मसरूंड, प्राह्नवी, चंडी, रूपणी, टिक्करी, कियाणी, चकलू, पुखरी, राजनगर, दुलाहर, झुलाड़ा, कुठेहड़, निहूंई, सपरोट, चोली, कोहाल, करेरी, चरोड़ी, भावला और कल्हेल सहित 21 पंचायतें रहेंगी।