भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा के दौरान आयोजित रेड क्रॉस लक्की ड्रॉ के दूसरे सप्ताह में टिकट नंबर 515 के धारक नवीन कुमार पुत्र जय करण, निवासी रेहला को विजेता घोषित किया गया।
विजेता को भरमौर से गौरीकुंड तक हेली टैक्सी से यात्रा करने का अवसर मिलेगा। एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि 25 अगस्त से 19 सितंबर तक चलने वाली यात्रा के दौरान प्रत्येक सप्ताह लक्की ड्रॉ निकाला जाएगा।
ड्रॉ का टिकट 100 रुपये में उपमंडल अधिकारी कार्यालय भरमौर और तहसील कार्यालय होली से प्राप्त किया जा सकता है। क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन टिकट खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि टिकट का सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के तहत करने के बाद विजेता को हेली टैक्सी की सुविधा दी जाएगी। एसडीएम ने श्रद्धालुओं और आमजन से लक्की ड्रॉ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।