चंबा। पर्वतीय जिला चंबा में सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एनएच-154ए के तहत 256.05 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने बताया कि स्वीकृत राशि से पुल निर्माण, विशेष मरम्मत, अनुरक्षण अनुबंध और बहाली कार्य किए जाएंगे।
स्वीकृत पैकेज में एनएच (ओरिजिनल) कार्यों के लिए 197.88 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इनमें लूणा में 41.5 मीटर स्पैन स्टील कंपोजिट पुल, मौजूदा बैली पुल का प्रतिस्थापन, भट्टी नाला में 180 मीटर स्पैन पुल और आरडी 42/410 पर 125 मीटर स्पैन थ्रू-आर्च पुल का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त भूस्खलन संभावित स्थलों पर तटबंधों की विशेष मरम्मत भी की जाएगी।
परियोजनाओं में पीबीएमसी और एसटीएमसी अनुरक्षण अनुबंध, आपातकालीन कार्य और फुल डेप्थ रिक्लेमेशन (एफडीआर) के तहत सड़क बहाली कार्य भी शामिल हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार एनएच (ओरिजिनल) कार्य फिलहाल अवार्ड प्रक्रिया में हैं, जबकि अन्य अनुरक्षण कार्य विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं। क्रियान्वयन की जिम्मेदारी एचपीपीडब्ल्यूडी के चंबा एनएच मंडल को सौंपी गई है।
इसके अलावा एनएच-154ए के 53 किलोमीटर लंबे चक्की बैंक-बनीखेत-चंबा-भरमौर खंड के रखरखाव और प्रबंधन के लिए 51.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और दुर्गम इलाकों में यातायात सुरक्षा बेहतर होगी। उन्होंने बताया कि परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्राथमिकता रहेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि पुल निर्माण और तटबंध सुदृढ़ीकरण कार्य पूरे होने के बाद भूस्खलन प्रभावित हिस्सों में यातायात बाधित होने की घटनाएं कम हो सकती हैं, जिससे स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और व्यापारिक गतिविधियों को लाभ मिलेगा।