सोमवार को डलहौजी नगर परिषद परिसर में शपथ समारोह आयोजन किया गया जिसमें डलहौजी नगर परिषद के नौ वार्डों से जीते हुए प्रत्याशियों ने शपथ ग्रहण की। वहीं पार्षदों ने मनोज चड्ढा के नाम पर सहमति जताते हुए तीसरी बार उन्हें नगर परिषद की कमान सौंपी। वार्ड नंबर चार हिंदू लेन से विजेता रहे प्रवीण कुमार डलहौजी नगर परिषद के उपाध्यक्ष बने।
नगर परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षदों को डलहौजी की एसडीएम ऋचा वर्मा ने शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए न केवल डलहौजी अपितु दूरदराज के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचे हुए थे। इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज चड्ढा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि डलहौजी की जनता ने जो तीसरी बार उनपर विश्वास जताया है उसके लिए वह आभारी हैं।
उन्होंने डलहौजी में जल्द नई दुकानें, बस अड्डे व सीवरेज की जरूरत को पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि डलहौजी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रोपवे को भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का भी आभार प्रकट किया। मनोज चड्डा के साथ- साथ पार्षदों वंदना चड्ढा, प्रवीण कुमार, हरप्रीत मोनू, नेहा प्लाह, निर्मला शर्मा, आशा, तिलक व रीना ने भी शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।