चंबा। भेड़-बकरियां चराने के लिए गए एक व्यक्ति की पैर फिसलकर खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शिव दयाल पुत्र नेगी राम गांव लदरोगा डाकघर गुलेई के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। पुलिस की देखरेख में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक रोजमर्रा की तरह अपनी भेड़-बकरियों को चराने के लिए गया शिव दयाल जब देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिजन और ग्रामीण लापता शिवदयाल की तलाश में घोड़ बिल्ला ढांक के पास पहुंचे जहां शिवदयाल खाई में अचेत अव्यवस्था में पड़ा मिला। उन्होंने तुंरत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शिवदयाल को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि की है।