डलहौजी और खज्जियार में 60 फीसदी से अधिक एडवांस बुकिंग रद
सुबह और दोपहर को होटलों से समय से पहले करने लगे चेकआउट
अमृतसर और धर्मशाला से हवाई उड़ाने बंद होने से पर्यटकों की आमद में कमी
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन स्थल डलहौजी और खज्जियार के होटलों में 60 प्रतिशत से अधिक एडवांस बुकिंग कैंसिल हो गई हैं। पहलगाम हमले के बाद अब भारत की ओर से ऑपरेशन सिंदूर को अमलीजामा पहनाने के बाद युद्ध के हालात को भांपते हुए गुजरात, दिल्ली और महाराष्ट्र के पर्यटकों ने अपनी एडंवास बुकिंग रद्द करवा दी है। बुधवार को पर्यटक समय से पहले ही होटलों के कमरे खाली कर परिवार सहित लौटते दिखे। अब आगामी आने वाले दिनों में होटल व्यवसायियों को पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। पर्यटकों का कहना है कि सिंदूर ऑपरेशन के बाद देश में हालात युद्ध के उत्पन्न हो सकते हैं। उस पर अब अमृतसर और धर्मशाला से होने वाली सीधी उड़ानें भी रद्द कर दी हैं। नतीजतन, अब वे वापस अपने घरों को कूच करना ही मुनासिब समझ रहे हैं। पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटन स्थल डलहौजी और खज्जियार में इक्का-दुक्का पर्यटक ही पहुंचे।
पर्यटकों अमरजीत सिंह, पुष्पेंद्र राज, राजीव, योगेंद्र सिंह, कमलीकांत ने बताया कि पहलगाम हमले के बाद वे जेएंडके की जगह पर्यटन स्थल डलहौजी और खज्जियार में अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए आए थे। यहां पर आगामी 16 मई तक उनका रुकने का प्लान था लेकिन, अब ऑपरेशन सिंदूर के बाद अमृतसर और धर्मशाला से सीधी उड़ानें बंद कर दी गई हैं। आगामी दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। अब उन्होंने लौटने का मन बनाया है।
होटल एसोसिएशन डलहौजी के उपाध्यक्ष करण मोंगा ने बताया कि डलहौजी के होटलों में 60 प्रतिशत से अधिक एडवांस बुकिंग रद्द हो गई है। बताया कि मई में पर्यटन सीजन चरम पर रहता है लेकिन, होटलों में कमरे खाली होने का क्रम जारी हैं। ऊपर से एडवांस बुकिंग के रद्द होने से अब उन्हें आगामी दिनों में पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है।