एडीएम भरमौर को पत्र लिखकर मुद्दे प्राथमिकता से सुलझाने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। पांगी-भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन भरमौर की मांगें पूरा करने के लिए एडीएम को पत्र लिखा है। विधायक ने पत्र में लिखा है कि 23 जून को एसोसिएशन की ओर से सौंपे ज्ञापन में वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए हैं।
इन पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाना चाहिए। प्रमुख रूप से भरमौर में वरिष्ठ नागरिक कक्ष की स्थापना, जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाण-पत्र संबंधी सेवाओं को स्थानीय स्तर पर अधिक सुगम बनाने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चिकित्सा भत्ते में वृद्धि के लिए सक्षम स्तर पर अनुशंसा करने की मांग की है। साथ ही आगामी मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं आधारभूत व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने की मांग की गई है। विधायक डॉ. जनक राज ने एडीएम से आग्रह किया है कि जिला प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले विषयों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाए। साथ ही जो मामले राज्य सरकार या अन्य सक्षम प्राधिकरण के स्तर पर विचारणीय हैं, उन्हें अपनी संस्तुति सहित संबंधित विभागों को भेजा जाए। इस पहल से पेंशनर्स एसोसिएशन की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठने की उम्मीद जताई जा रही है।