चंबा। प्रगति दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति कियाणी के निदेशक मंडल की बैठक पांगी हिल्स ट्राइबल मार्ट तड़ोली में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सेवा संस्था के अध्यक्ष डॉ. हरीश शर्मा ने की। इस दौरान समिति के उत्थान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और रणनीति तय की गई। डॉ. हरीश शर्मा ने कहा कि आगामी दिनों में समिति के साथ अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। करीब एक हजार लीटर दूध उत्पादन करने के बाद बाजार में समिति के नाम से पैकेट उतारने की योजना तैयार की गई है। इसके अतिरिक्त दूध को बाजार में बेचने के लिए प्रचार- प्रसार को लेकर भी मंथन किया गया।
डॉ. हरीश ने तकनीक की सहायता से कार्य करने का सुझाव दिया। साथ ही निकट भविष्य में पशुपालन विभाग चंबा के सहयोग से कियाणी व आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता शिविरों का आयोजन कर दुग्ध उत्पादकों को एक मंच पर लाने की बात भी कही। समिति की अध्यक्ष सरिता कोपरा ने कहा कि राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से समिति उत्थान की ओर अग्रसर है। इस मौके पर बिंदू, ममता, तुषार, ज्योति आदि मौजूद रहे।