चंबा। बेरोजगार इलेक्ट्रिकल ट्रेड के युवाओं ने बिजली बोर्ड में बिजली मित्र भर्ती करने के फैसले का विरोध किया है। साथ ही प्रदेश सरकार से मांग की है कि पूर्व की भांति प्रदेश सरकार स्थायी नियुक्ति करें। इस मामले को लेकर युवाओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से एक ज्ञापन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को भेजा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल अजीत ठाकुर, हेमराज, कृष्ण, मनीष, सुनील रोमेन, दीपक कुमार, सन्नी कुमार, अमित कुमार और संजय कुमार ने बताया कि चुनाव के दौरान कांग्रेस ने स्थायी नौकरी देने की घोषणा की थी। अब कांग्रेस अपने वादे से मुकर रही है। बोर्ड में बिजली मित्र भर्ती किए जा रहे है, जो कि पूरी तरह आउटसोर्स के आधार पर रखे जाएंगे। सरकार ने 1030 पद भरने की भी घोषणा की थी, लेकिन अभी तक इन पदों को नहीं भरा गया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने आईटीआई के माध्यम से प्रशिक्षण हासिल किया है। जब सरकार पक्की नौकरी नहीं दे सकती है तो आईटीआई को ही बंद किया जाए।