धड़ोग मोहल्ले में दवाई की दुकान को सील करता स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी।
चंबा। युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाली दवाओं का ब्रिकी करने वाले शहर के धड़ोग मोहल्ला स्थित एक कथित मेडिकल स्टोर को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर मेडिकल स्टोर में मौके पर आदत बनाने वाली दवाओं की 215 गोलियां और दुरुपयोग करने वाली इंसुलिन सिरिंज का भारी स्टॉक भी बरामद किया है। यह बिना बिल पाए गए। इसकी शिकायतें स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंची थीं। शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम को मौके से 66 हजार रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। इसका मेडिकल स्टोर संचालक मौके पर कोई बिल नहीं दिखा पाया। हालांकि, मेडिकल स्टोर संचालक ने इसे एक सप्ताह की बिक्री बताया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। साथ ही मेडिकल स्टोर के संचालक को दवाइयाें के बिल विभाग के पास जमा करवाने को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में ड्रग्स लाइसेंस अथॉरिटी धर्मशाला से अगले निर्देश मिलने तक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया।
बता दें कि चंबा में कुछ अन्य मेडिकल स्टोर भी हैं, जिनकी जांच औषधि नियंत्रण प्रशासन चंबा की ओर से की जा रही है और उन्हें दवाओं का दो साल का बिक्री रिकॉर्ड जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। साथ ही उनके खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स के तहत रिकॉर्ड के रखरखाव न करने के प्रावधान के उल्लंघन के लिए मामला दर्ज किया जाएगा।
स्टेट ड्रग कंट्रोलर मनीष कपूर ने बताया कि युवा पीढ़ी को नशीली दवाओं की आदत बनाने वाली दवाइयां बेचने की शिकायतों के आधार पर धड़ोग में मेडिकल स्टोर को सील किया गया है। औचक निरीक्षण के दौरान इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। मेडिकल स्टोर संचालक कई दवाइयों के बिल भी नहीं दिखा पाया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई के तहत दुकान को सील कर दिया गया है।