बनीखेत (चंबा)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को हिमाचल प्रदेश प्राइवेट बस चालक-परिचालक यूनियन के पदाधिकारियों ने बनीखेत में सम्मानित करने के बाद उन्हें अपनी मांगों संबंधी मांगपत्र सौंपा। यूनियन के अध्यक्ष मनोज कुमार, महासचिव विनीत कुमार, सचिव हेमराज मल्होत्रा, कोषाध्यक्ष मंगत राम आदि ने बताया कि निजी बसों के चालक-परिचालक कोरोना काल से लेकर आज तक सेवाएं दे रहे हैं। कोरोना काल के समय अपनी जान-जोखिम में डालकर भी सेवाएं दी हैं।
कहा कि उस समय बसें खड़ी रहीं तो उन्हें न तो वेतन और न ही भत्ता दिया गया। कहा कि वर्तमान समय में न तो उनकी कोई पहचान विभाग के पास है और न ही मालिकों के पास। कहा कि जब बस मालिकों की मर्जी होती है तो वे चालक-परिचालकों को नौकरी पर रखते और निकालते हैं। कहा कि चालकों को 300 से 400 रुपये और परिचालकों को 100 से लेकर 200 रुपये दिहाड़ी दी जाती है जबकि वे 15 से 17 घंटे सेवाएं देते हैं। यूनियन ने मांग की है कि उन्हें विभाग की ओर से पहचान पत्र जारी किए जाएं। वहीं चालक-परिचालकों का वेतन फिक्स खाते में डालने, चालक-परिचालकों को मेडिकल की सुविधा उपलब्ध करवाने, भविष्य में निगम की भर्ती में निजी बसों में कार्यरत चालक-परिचालकों को अनुभव के आधार पर मौका दिया जाए और बस अड्डे में रेस्ट रूम भी उपलब्ध करवाया जाए।