चंबा। चंबा मेडिकल कॉलेज में अब मरीजों को लाइन में खड़े होकर पर्ची बनाने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने पंजीकरण केंद्र को मेडिकल कॉलेज के पार्क में अस्थायी तौर पर शिफ्ट किया है। अब मरीजों की पर्ची बनाने के लिए पार्क पर पांच टेबल लगाए गए हैं।
यहां पर्ची बनाने के लिए अलग-अलग कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके चलते मरीजों की कुछ ही समय में पर्ची बन रही है। इसके साथ ही पर्ची बनाने वाले मरीजों की भीड़ भी कम देखने को मिल रही है। मरीजों की सुविधा के लिए प्रबंधन ने पार्क में टेंट की व्यवस्था की है। इससे मरीजों को धूप में न खड़ा होना पड़े।
इससे पहले आपातकालीन कक्ष के साथ पंजीकरण केंद्र चल रहा था। यहां पर्ची बनाने के लिए मरीजों की भीड़ रहती थी। इस दौरान सामाजिक दूरी के नियमों की अनुपालना नहीं हो रही थी। मेडिकल कॉलेज के पार्क में मरीजों को सामाजिक दूरी में रहकर पर्ची बनाने की सुविधा मिल रही है। बुधवार से यह सुविधा शुरू का दी गई है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहन सिंह ने मरीजों को आश्वस्त किया कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। ओपीडी में सुबह साढ़े नौ बजे दो डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है।