चंबा। चंबा मेडिकल कॉलेज में बुधवार को तीमारदारों ने तोड़फोड़ कर डाली। ऑक्सीलन सिलिंडर नहीं चलने से यह विवाद खड़ा हुआ। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। इस मामले में मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन ने सख्त रुख अपना लिया है।
जानकारी के अनुसार गुलाम रसूल निवासी पल्यूर पेड़ से गिरकर गंभीर घायल हो गया था। चंबा मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा रेफर किया गया।
मरीज को आक्सीजन सिलिंडर के साथ एंबुलेंस से टांडा भेजा गया। करीब चार किमी दूर जाकर सिलिंडर की सेटिंग बिगड़ गई और मरीज को आक्सीजन मिलनी बंद हो गई। चालक एंबुलेंस को वापस मेडिकल कॉलेज ले आया।
इस बीच, सिलिंडर बंद हो जाने से मरीज के तीमारदार भड़क उठे। गुस्साए तीमारदारों ने एंबुलेंस और अस्पताल में पहुंच कर तोड़फोड़ कर हंगामा खड़ा कर दिया। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर सेटिंग को ठीक किया तो आक्सीजन सिलिंडर सुचारु हो गया।
बाद में मरीज को ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ टांडा भेजा गया। इधर, मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए मेडिकल कालेज प्रबंधन ने तीमारदारों को मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से माफीनामा देने के साथ ही तोड़फोड़ से हुए नुकसान की भरपाई करने को कहा गया है। ऐसा न करने पर प्रबंधन संबंधित तीमारदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने का कदम उठाएगा।
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर मोहन सिंह ने बताया कि एंबुलेंस व अस्पताल के दरवाजे के साथ तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। मामले में मरीज के तीमारदारों ने नुकसान की भरपाई करने की हामी भरी है। अगर नुकसान की भरपाई नहीं की जाती तो उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।