चंबा में मिंजर मेले को लेकर शहर में लगा गाड़ियों का लंबा जाम।संवाद
चंबा। मणिमहेश यात्रा का अनौपचारिक आगाज हो चुका है, लेकिन जिला मुख्यालय में ट्रैफिक जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है। चौगान तक वाहन ले जाना श्रद्धालुओं के लिए मुश्किल हो रहा है। सुबह से शाम तक बार-बार लग रहे जाम ने वाहन चालकों और राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। भरमौर चौक से बाजार तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
पुलिस कर्मी सड़क किनारे ड्यूटी पर तैनात तो हैं, लेकिन यातायात व्यवस्था को सुचारु करने में नाकाम साबित हो रहे हैं। मणिमहेश जाने वाले श्रद्धालु भी इस अव्यवस्था से खासे परेशान हैं।
स्थानीय लोग हरीश कुमार, चंदन, योगराज, केवल, मनीष कुमार, सुरेंद्र, संजय शर्मा और विनोद कुमार ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यात्रा के चलते यातायात दबाव बढ़ना तय था, ऐसे में पहले से पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए थे, लेकिन सड़क पर कहीं भी ऐसी व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।