आठ दिवसीय लंगर की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी कमेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। शिव भक्तों का स्वर्ग कही जाने वाली पवित्र मणिमहेश यात्रा में शिवभक्तों की सेवा में इस बार भी मणिमहेश लंगर कमेटी बग्गा में लंगर लगाएगी। सोलह से 31 अगस्त तक चलने वाली पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान मणिमहेश लंगर कमेटी के सेवक 23 अगस्त से बग्गा में लंगर का संचालन करेंगे। लंगर निरंतर 31 अगस्त तक चलेगा।
मणिमहेश लंगर कमेटी का यह उन्नीसवां वार्षिक लंगर होगा। आठ दिवसीय लंगर को लेकर कमेटी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गई है। इस बार भी बग्गा में होने वाले लंगर में शिवभक्तों को तरह-तरह के लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे। मणिमहेश लंगर कमेटी के प्रधान और नगर पंचायत गगरेट के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह तोतू ने बताया कि गगरेटवासियों की ओर से लगातार अठारह वर्षों से चंबा के बग्गा में मणिमहेश यात्रा के दौरान लंगर की व्यवस्था की जाती है।
इस बार लगने वाला आठ दिवसीय लंगर उन्नीसवां होगा। उन्होंने कहा कि यह लंगर तमाम गगरेटवासियों के सहयोग से लगाया जाता है और बड़ी संख्या में यहां के लोग लंगर में सेवा करने के लिए भी बग्गा में पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि जिसने भी बग्गा में लंगर में जाकर सेवा की उसे ही बाबा मणिमहेश का आशीर्वाद जरूर प्राप्त हुआ है।
बग्गा में लगने वाला लंग चौबीस घंटे चलेगा और इसमें नाश्ता, दोपहर के भोजन और रात्रि भोजन के साथ तरह-तरह के लजीज व्यंजन भी परोसे जाएंगे। उन्होंने बताया कि मणिमहेश यात्रा के दौरान पवित्र छड़ी जाने तक लंगर जारी रहेगा और गगरेट से मणि महेशयात्रा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रात्रि ठहराव की भी विशेष व्यवस्था होगी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत टटेहड़ा के उपप्रधान अनिल कुमार नीटू, अमित सूद, मुनीष कालिया, राजू गर्ग, नगर पंचायत गगरेट के प्रधान अनिल कुमार नीलू, अश्विनी लंबड़दार, बिट्टू जसवाल, पप्पल, विकास सोनी भी मौजूद रहे।