चंबा। भरमौर के नंगली गांव में मंगलवार दोपहर लैंटर को पानी दे रहा एक व्यक्ति 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से व्यक्ति बेसुध होकर नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके सिर पर गहरी चोट आई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद नागरिक अस्पताल भरमौर से मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है।
घायल की पहचान चमन (52) पुत्र नानक निवासी गांव नंगली के रूप में हुई है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे चमन अपने घर में डाले गए नए लैंटर को पानी दे रहे थे। इसी दौरान वह मकान के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह बेसुध होकर नीचे गिर पड़े। परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर ले गए। यहां प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद भरमौर थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घायल और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।