बनीखेत (चंबा)। बनीखेत में बैकुंठनगर के पास पुलिस ने लुधियाना के व्यक्ति से 212 ग्राम चरस पकड़ी है। पुलिस ने चरस को जब्त करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ डलहौजी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस वीरवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को पुलिस की टीम ने एसएचओ की अगुवाई में बैकुंठनगर में नाका लगाया हुआ था। नाके पर हर आने जाने वाले वाहन की चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान हाथ में बैग लिए लखवीर सिंह निवासी लुधियाना सामने से आ रहा था, जो कि नाके पर खड़ी पुलिस को देख वहां से भागने का प्रयास करने लगा। इससे पुलिस को उस पर शक हो गया। शक के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ा और उसके बैग की तलाशी ली। बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को 212 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस को जब्त किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसएचओ आशीष पठानिया ने बताया कि बैकुंठनगर में लुधियाना के एक व्यक्ति को चरस के साथ पकड़ा गया है। पुलिस आरोपी को वीरवार को कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस इस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है।